पंडरिया विधानसभा और छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना के साथ विधायक भावना बोहरा द्वारा विगत 2 वर्षों से माँ नर्मदा मंदिर अमरकंटक से भोरमदेव मंदिर तक 151 किलोमीटर की कठिन कांवड़ यात्रा की गई। यह प्रदेश में पहला अवसर था जब एक महिला जनप्रतिनिधि द्वारा इतनी कठिन यात्रा की गई। इस दौरान विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से अपने मूल धर्म में वापसी करने वाले 15 बैगा आदिवासी भी इस अध्यात्मिक यात्रा में सहभागी बनें और उनके साथ कांवड़ लेकर 151 किमी की कांवड़ यात्रा पूरी की। भगवान भोलेनाथ के प्रति मन में श्रद्धाभाव और प्रदेश एवं प्रदेशवासियों की सुख- समृद्धि की पुण्य कामना लिए उनके साथ 600 से अधिक कांवड़ यात्री भी उनकी इस यात्रा में सहभागी बने। बीहड़ रास्तों, घने जंगलों, उफनती नदियों और सभी अवरोधों को उन्होंने पार करते हुए अपनी यात्रा पूरी की। जहाँ-जहाँ से उनकी यह यात्रा गुजरी उनके स्वागत के लिए शिवभक्तों, हिन्दू व विभिन्न सामाजिक संगठनों, क्षेत्रवासियों ने उनका भव्य स्वागत किया और हर हर महादेव एवं बोल बम के नारों के साथ हर गाँव-गली भगवामय एवं गुंजायमान हो उठा।